Thursday , March 28 2024
स्पेन का दिल है सेविला

स्पेन का दिल है सेविला

यूं तो आंदालुसिया का क्षेत्र स्पेन के दक्षिण में है, इसे स्पेन का दिल कहा जाता है। यह क्षेत्र स्पेन की पहचान माने जाने वाले फ्लैमेंन्को नृत्य, बुलफाइटिंग तथा मैटाडोर्स (बुलफाइटरों) का घर है। यहीं स्थित है स्पेन का ऐतिहासिक तथा बेहद खूबसूरत प्रांत सेविला। राजधानी मैड्रिड से सेविला शहर को जाने वाली लंबी सड़क ग्रामीण इलाकों से गुजरती है जहां मुख्यतः जैतून, नारंगी तथा अंगूर की खेती होती है। सड़क कई जगह उबड़-खाबड़ है परंतु सेविला पहुंचते ही एक सुखद आश्चर्य होता है- सुंदर इमारतों, संतरे के पेड़ों, शानदार उद्यानों तथा मंडपों से गुजरती प्राचीन गलियां तथा चौराहों से भरपूर इस स्थान के मोहपाश से शायद ही कोई बच सकता हो।

ऐतिहासिक नगर:

‘कैथेड्रल ऑफ सेविला’ में अमेरिका की खोज करने वाले महान इतावली नाविक क्रिस्टोफर कोलम्बस के अवशेष दफन हैं। यह शहर डिएगो वेलास्क्यूज तथा मुरिलो जैसे महान कलाकारों का जन्मस्थान भी है। 322 फुट ऊंची मूरिश शैली में निर्मित मीनार ‘ला गिराल्डा’ आज इस शहर की प्रतिक है। इसकी चोटी पर चार ‘गोल्डन एपल’ (सुनहरे सेब) के अलावा 25 घंटियां तथा गिराल्डिलो नामक ‘स्टैच्यू ऑफ फेथ’ है। टावर के शीर्ष तक चढ़ सकते हैं जहां से शहर का एक मनोहारी दृश्य नजर आता था।

वास्तव में ‘ला गिराल्डा’ उस मस्जिद का एकमात्र अवशेष है जिसे रोमनों ने गोथिक शैली का गिरजाघर बनाने के लिए नष्ट किया था। यह स्पेन का सबसे बड़ा गिरजाघर तथा रोम के सेंट पीटर तथा लंदन के सेंट पॉल के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा गिरजाघर है। इसकी भीतरी सज्जा तथा स्थापत्यकला इतनी आकर्षक है कि इसे देखने वाला इसकी प्रशंसा किए बिना नहीं रह पाता।

यूरोप का सबसे पुराना महल:

विश्व के सर्वाधिक भव्य महल परिसरों में से एक एल्काजार भी यहीं स्थित है जो यूरोप में सबसे पुराना सक्रिय शाही महल है। इसे 9वीं शताब्दी की शुरुआत में एंडालुसिया के खलीफा ने बनवाया था और बाद में 14वीं शताब्दी में ईसाई राजाओं द्वारा इसमें कई बदलाव किए गए। यही कारण है कि स्थापत्यकला एंडालुसिया के इतिहास के विभिन्न चरणों का प्रतिनिधित्व करती है। इसके शानदार मूरिश शैली की अंदरूनी सज्जा, खूबसूरत जलाशय तथा उत्कृष्ट उद्यान, हालांकि किसी भी आगंतुक को आश्चर्य चकित करने से चूकते नहीं हैं। इस विशाल महल परिसर की सैर के लिए कम से कम आधा दिन चाहिए।

शहर का पुराना हिस्सा:

शहर के पुराने हिस्से सदियों से अपरिवर्तित प्रतीत होते हैं। यहां रंगीन नामों वाली गलियों की भरमार है जो किसी भी भूलभुलैयां से कम नहीं हैं। यहां बरियो सांता क्रूज नामक एक बेहद खूबसूरत स्थल है जहां नारंगी के पेड़ों की ख़ुशबू तथा आकर्षक फव्वारों के बीच एक शांत माहौल में आराम करने की ख्वाहिश मन में अपने आम पैदा होने लगती है।

सबसे सुखद तथा मनोहारी डोना एल्विरा स्क्वेयर तथा क्रूज डी सेराजेरिया हैं जहां महान चित्रकार मुरिलो की राख दफनाई हुई है। आस-पास सुंदर घरों की कतारें हैं जिनकी विशेषताओं में बालकनी तथा आंगन शामिल हैं।

बुल फाइट्स तथा फ्लामैंकोज नृत्य:

बुल फाइटिंग के लिए स्पेन दुनिया भर में मशहूर है और सेविला शहर भी इसे लेकर स्पेनियों की दीवानगी से अछूता नहीं है।

बुल फाइटिंग सीजन के दौरान यहां के ला माएस्ट्रांजा स्टेडियम के बाहर इसे देखने में रूचि रखने वालों की हजारों की भीड़ जमा देखी जा सकती है। यहां लोग पुराने दोस्तों से मिलते हैं, स्टेडियम में जाने के लिए टिकट खरीदते तथा विजेता पर फैंकने के लिए फूलों के गुच्छे खरीदते हैं। बुल फाइटिंग के दौरान लोगों का उत्साह देखने वाला होता है। इस खेल में जुड़े जोखिमों के बावजूद लोग इसमें बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। सेविला आकर यदि स्पेन की विख्यात नृत्य शैली फ्लेमैन्को शो नहीं देखा तो यह सफर अधूरा माना जाएगा। शहर में कई स्थानों पर इसके विशेष शो आयोजित होते हैं।

शानदार उद्यान:

सेविला अपने स्पैनिश गार्डन कॉम्पलैक्स की विशेष देखभाल करता है। गुआडलक्किवीर नदी के तट पर स्थित पार्क मारिया लुइजा इस बात को साबित करता है। यह अपने उद्यानों ही नहीं, खूबसूरत स्थापत्यकला के लिए भी प्रसिद्ध है। नदी के बाएं किनारे पर एक खूबसूरत मीनार ‘टोर्रे डी ओरो’ (गोल्डन टॉवर) भी है।

Check Also

Jamshedpur: History, How To Reach, Tourist Places, Shopping

Jamshedpur: History, How To Reach, Tourist Places, Shopping

Jamshedpur, aka Tatanagar is a city located in the state of Jharkhand, India. Sometimes even …