Friday , June 5 2026
सिंगापुर का 'गार्डन ऑफ वंडर'

सिंगापुर का ‘गार्डन ऑफ वंडर’

इस महीने सिंगापुर में खाड़ी के निकट स्थित फ्लावर डोम ऑटम फ्लोरल डिस्प्ले का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर्यटकों को संतरी, लाल, सुनहरी तथा हरे रंगों से सराबोर वनस्पति देखने को मिलेगी। प्रकृति की इस खूबसूरत प्रदर्शनी में 5000 प्रजातियों के 10 लाख से अधिक पौधों को प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शन होर्टीकल्चरल तथा आर्टीटैक्चरल डिजाइन में होगा। खाड़ी के निकट स्थित यह सम्मान प्राप्त बागीचे विश्वभर के आश्चर्यों से भरे हैं। सिंगापुर का गार्डन ऑफ वंडर विश्व भर के पर्यटकों के आकर्षण का एक अद्वितीय केंद्र है।

फ्लावर डोम:

यह विश्व का सबसे बड़ा कांच का बना ग्रीन हाऊस है। इसमें 9 अलग-अलग बागीचे हैं जिनमें अफ्रीका, अमेरिका, एशिया, आस्ट्रेलिया तथा यूरोप के विशिष्ट पौधे मौजूद हैं। पर्यटक यहां इधर-उधर घूमते हुए ठंडे और शुष्क भूमध्यवर्गीय मौसम का आनंद ले सकते हैं। वे यहां एक हजार वर्ष पुराने जैतून के पेड़ तथा अजीबो-गरीब अफ्रीकन बाओबैब वृक्ष भी देख सकते हैं। इन पौधों के खुशनुमा रंग तथा सुगंध पर्यटकों को प्रकृति के और नजदीक ले जाते हैं। फ्लावर फील्ड में मौजूद ये पौधे मौसम, उत्सव तथा थीम्स को प्रतिबिम्बित करते हैं। इस महीने शुरू होने वाले ऑटम हार्वैस्ट फ्लोरल डिस्प्ले में नारंगी, लाल, सुनहरे तथा हरे रंग से सजे बड़े-बड़े फ्लावर फील्ड पर्यटकों का स्वागत करेंगे कि फसलों के पारंपरिक मौसम किस तरह रचनात्मक ढंग से यहां पेश किए गए हैं। एक बहुत बड़े भूभाग में फल, सब्जियां उगी हुई हैं। यहां पर कद्दुओं को हेलोवीन उत्सव की तरह सजाया गया है। उन्हें विभिन्न आकारों तथा चरित्रों के अनुरूप सजाया गया है।

पोएनसैटिया विशेज फ्लावर डिस्प्ले:

यह उत्सव 10 नवम्बर 2017 से 8 जनवरी 2018 तक सिंगापुर में मनाया जाएगा। इस क्षेत्र में उत्तरी स्कैंडेनेविया के सामी लोगों की टैंटनुमा रिहायश लावू फूलों के खेतों के मध्य स्थित होगी। यहां पर पर्यटक पोएनसैटिया, अमारिलिस तथा क्रिसमस डे के पौधे देख सकते हैं। रात्रि के समय यहां पर फूलों के प्रदर्शन के साथ-साथ रोशनी का जादूमय संसार देखने को मिलेगा।

क्लाऊड फोरैस्ट:

यह धुंध में डूबा एक रहस्यमयी संसार है जो 60 हजार पौधों से घिरा हुआ है। यहां पर आप ऑर्चिड, पिचर प्लांट्स, फर्न्स तथा फ्लोरल जैम्स इत्यादि फूलों का आनंद उठा सकते हैं। यह फूल उष्णकटिबंधीय मोंटेन क्षेत्र में पाए जाते हैं। जब पर्यटक यहां विश्व के सबसे बड़े अंदरूनी जल प्रपात, जो 35 मीटर ऊंचा है, से रू -ब-रू होते हैं तो अलग ही नजारा होता है। वे इस जल प्रपात के पीछे ट्रैकिंग भी कर सकते हैं। यहां की ताजादम करने वाली हवा तथा जल प्रपात का दृश्य उन्हें एक अलग ही संसार का अनुभव करवाता है। वे यहां पर धुंध के दरम्यान क्लाऊड वाक और ट्रीटॉप वाक का आनंद भी ले सकते हैं। यहां पर एजुकेशनल एडवैंचर के शौकीन लोगों के लिए सात डिस्कवरी जोन भी हैं-लॉस्ट वर्ल्ड, द केवर्न, वाटर फॉल व्यू, क्रिस्टल माऊंटेन, सीक्रेट गार्डन, अर्थ चैक तथा +5 डिग्रीज।

सुपर ट्रीज:

यहां पर सुपर ट्रीज नामक वर्टिकल गार्डन्स भी हैं जिनमें 300 प्रजातियों के डेढ़ लाख से अधिक पौधे हैं। यहां पर पर्यटक बागीचों के साथ-साथ आसपास मौजूद मैरिना बे स्काई लाइन का आनंद भी ले सकते हैं। 22 मीटर की ऊंचाई पर ओ. सी. बी. सी. स्काई व्यू है। यह 128 मी. लंबा हवाई वाकवे है। यहां पर पर्यटक आसपास के शानदार नजारों की खूबसूरती को अपने कैमरों में कैद कर सकते हैं। जैसे ही शाम का समय होता है तो मैरिना बे स्काईलाइन में एक लाइट एंड साऊंड शो शुरू हो जाता है।

हैरिटेज गार्डन्स:

यहां पर पर्यटक औपनिवेशिक युग के सिंगापुर के प्रमुख नस्ली समूहों की संस्कृति तथा इतिहास का अनुभव ले सकते हैं। इन गार्डन्स में चाइनीज गार्डन, इंडियन गार्डन, मलय गार्डन तथा कोलोनियल गार्डन शामिल हैं। छुट्टियों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए ये गार्डन्स आदर्श स्थल हैं।

Check Also

5 Places in India Where Lord Rama's Legacy Still Lives On

5 Places in India Where Lord Rama’s Legacy Still Lives On

5 Places in India Where Lord Rama’s Legacy Still Lives On – The forests of …